महंगाई की मार! टैक्सी वाहनों का किराया ₹2 प्रति किलोमीटर बढ़ा, पर्यटन व्यवसायियों ने डीजल वाहनों पर प्रतिबंध हटाने की उठाई मांग...
वाराणसी। बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों के बीच वाराणसी के टैक्सी एवं पर्यटन वाहन संचालकों ने किराए में वृद्धि का निर्णय लिया है।
वाराणसी टूरिज्म एसोसिएशन की ओर से जारी सूचना के अनुसार छोटे टैक्सी वाहनों के किराए में ₹2 प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है।
वहीं एसोसिएशन ने 2018 से पहले के डीजल पर्यटन वाहनों पर लगे प्रतिबंध को लेकर भी सरकार से पुनर्विचार की मांग उठाई है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रणय रंजन सिंह ने बताया कि डीजल, पेट्रोल, वाहन रखरखाव, बीमा, स्पेयर पार्ट्स और अन्य परिचालन खर्चों में लगातार वृद्धि होने से वाहन संचालकों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में टैक्सी सेवाओं का संचालन करना मुश्किल हो रहा था, जिसके चलते छोटे वाहनों के किराए में ₹2 प्रति किलोमीटर की वृद्धि का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ ईंधन और संचालन लागत बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ 2018 से पहले के डीजल पर्यटन वाहनों पर प्रतिबंध के कारण पर्यटन उद्योग से जुड़े हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही है। कई वाहन मालिकों ने बैंक ऋण लेकर वाहन खरीदे थे और अभी भी उनकी किस्तें चल रही हैं।
एसोसिएशन का कहना है कि वाराणसी जैसे पर्यटन शहर में बड़ी संख्या में पर्यटक टैक्सी और पर्यटन वाहनों का उपयोग करते हैं। ऐसे में पुराने डीजल वाहनों के संचालन पर रोक से पर्यटन कारोबार को नुकसान पहुंच रहा है और वाहन मालिक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
पर्यटन व्यवसायियों ने सरकार से मांग की है कि 2018 से पहले के डीजल पर्यटन वाहनों को निर्धारित शर्तों के साथ संचालन की अनुमति दी जाए या फिर वाहन स्वामियों के लिए विशेष राहत योजना लागू की जाए। साथ ही बढ़ती महंगाई को देखते हुए किराया वृद्धि को आवश्यक कदम बताया गया है।
एसोसिएशन ने कहा कि सरकार को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन उद्योग और उससे जुड़े हजारों परिवारों के रोजगार को भी ध्यान में रखकर संतुलित निर्णय लेना चाहिए।
