×

प्रबुद्ध वर्ग के सहयोग से स्नातक एमएलसी चुनाव में ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित होगी : अरुण भारती

प्रबुद्ध वर्ग के सहयोग से स्नातक एमएलसी चुनाव में ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित होगी : अरुण भारती

अरुण भारती बोले, प्रबुद्ध वर्ग के सहयोग से होगी ऐतिहासिक जीत

वाराणसी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से शुक्रवार को कमिश्नरेट सभागार, कचहरी में वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन (प्रबुद्ध चौपाल) का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी के स्नातक एमएलसी प्रत्याशी एवं प्रभारी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव 'पिंटू' ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं जमुई सांसद अरुण भारती उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, शिक्षकों, चिकित्सकों, स्नातक मतदाताओं, बुद्धिजीवियों तथा पार्टी पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि अरुण भारती ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी का संगठन तेजी से विस्तार कर रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव केवल एक प्रतिनिधि चुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षित समाज की आवाज को विधान परिषद तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिवक्ता, शिक्षक, चिकित्सक, इंजीनियर एवं अन्य प्रबुद्ध वर्ग समाज का मार्गदर्शन करते हैं, इसलिए ऐसे प्रतिनिधि का चयन आवश्यक है जो उनके हितों और समस्याओं को प्रभावी ढंग से सदन में उठाए।

प्रबुद्ध वर्ग के सहयोग से स्नातक एमएलसी चुनाव में ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित होगी : अरुण भारती

सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए स्नातक एमएलसी प्रत्याशी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव 'पिंटू' ने कहा कि स्नातक वर्ग, अधिवक्ताओं, शिक्षकों और युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि विधान परिषद में शिक्षित समाज का सशक्त प्रतिनिधित्व समय की आवश्यकता है। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से आगामी चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पक्ष में मतदान करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) सामाजिक न्याय, समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं के रोजगार और समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रबुद्धजनों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा स्नातक मतदाताओं के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी, राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेन्द्र मुन्ना, महामंत्री सीबीए आशीष सिंह, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. नन्द जी, प्रधान महासचिव आशुतोष गहरवार, प्रदेश संगठन मंत्री अभिनव श्रीवास्तव, धनंजय दुबे, कमल तिवारी, अवनीश तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, शिक्षक, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्नातक एमएलसी चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रत्याशी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव 'पिंटू' को विजयी बनाने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Share this story