×

वाराणसी में विदेशी नागरिक का हाई-वोल्टेज ड्रामा, मानसिक चिकित्सालय में कराया गया भर्ती

वाराणसी में विदेशी नागरिक का हाई-वोल्टेज ड्रामा, मानसिक चिकित्सालय में कराया गया भर्ती
 वाराणसी में बवाल के बाद इटली के नागरिक का मानसिक चिकित्सालय में इलाज शुरू

 

वाराणसी। शहर में पिछले कई दिनों से उत्पात मचा रहे इटली के एक नागरिक को पुलिस ने मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के लिए पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, विदेशी नागरिक ने तीन दिन पूर्व शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हंगामा किया था। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उसे काबू करने का प्रयास किया। बाद में वह बड़ागांव थाना क्षेत्र पहुंच गया, जहां से पुलिस उसे उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल ले गई। उपचार के दौरान उसने आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित एक पुलिस चौकी में भी उत्पात मचाया।

लगातार असामान्य व्यवहार को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने उसे पांडेयपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। मानसिक चिकित्सालय के निदेशक डॉ. सी.पी. मल्ल ने बताया कि विदेशी नागरिक को आदमपुर पुलिस की ओर से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की टीम उसके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है।

उन्होंने बताया कि विदेशी नागरिक होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती रखने के लिए न्यायालय से आवश्यक अनुमति लेने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही इटली के दूतावास के माध्यम से उसकी बहन से भी संपर्क स्थापित कर बातचीत कराई गई है।

सहायक पुलिस आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया कि विदेशी नागरिक की स्थिति फिलहाल स्थिर है। चिकित्सकों द्वारा स्वस्थ घोषित किए जाने के बाद आवश्यक कानूनी और राजनयिक प्रक्रिया पूरी कर उसे उसके देश वापस भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं तथा आवश्यक कानूनी और चिकित्सकीय प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा रही है।

Share this story