पूर्वांचल में मेहरबान हुए बादल, दो दिन बाद फिर तेज बारिश के आसार
वाराणसी। वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में शनिवार को हुई बारिश ने उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और करीब नौ बजे तेज बारिश शुरू हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि बारिश लगभग 15 मिनट तक ही हुई, लेकिन ठंडी पुरवा हवाओं और बादलों की मौजूदगी से दिनभर लोगों को राहत महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले दो दिनों तक बादलों की सक्रियता अपेक्षाकृत कम रह सकती है। इसके बाद मानसूनी गतिविधियां दोबारा तेज होने की संभावना है, जिससे अगले सप्ताह क्षेत्र में अच्छी बारिश हो सकती है। सावन माह की शुरुआत के साथ बारिश का सिलसिला और मजबूत होने के आसार जताए गए हैं।
शनिवार सुबह वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण उमस का असर बना रहा, लेकिन समय के साथ बादल घिरने लगे और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। दोपहर तक आसमान में बादलों का आना-जाना जारी रहा, जिससे तेज धूप नहीं निकली और तापमान नियंत्रित रहा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है। इस दौरान न्यूनतम आर्द्रता 71 प्रतिशत और अधिकतम 81 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वातावरण में नमी का स्तर लगातार बना हुआ है। इसी कारण स्थानीय स्तर पर बादलों का तेजी से विकास हो रहा है और बीच-बीच में बारिश की स्थिति बन रही है। अगले सप्ताह मानसून के फिर से सक्रिय होने पर वाराणसी और पूर्वांचल के कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी तथा लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
