×

वाराणसी समेत पूर्वांचल में गर्मी पर ब्रेक, अगले तीन दिन बादलों का डेरा

वाराणसी समेत पूर्वांचल में गर्मी पर ब्रेक, अगले तीन दिन बादलों का डेरा
पुरवा हवाओं और बादलों से मिली राहत, तापमान में आई गिरावट
वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। हालिया बारिश और पुरवा हवाओं के प्रभाव से भीषण गर्मी पर काफी हद तक ब्रेक लगा है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक क्षेत्र में बादलों की आवाजाही और मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है।

रविवार सुबह से ही ठंडी पुरवा हवाएं चलती रहीं, जिससे वातावरण में ताजगी बनी रही। दिन चढ़ने के साथ आसमान में बादलों की आवाजाही भी देखने को मिली। हालांकि तत्काल बारिश के संकेत नहीं हैं, लेकिन दोपहर बाद स्थानीय स्तर पर गर्मी बढ़ने से बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ी हुई है और प्री-मानसूनी गतिविधियां भी धीरे-धीरे मजबूत हो रही हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम का रुख और अधिक अनुकूल रहने की संभावना है। नौतपा के दौरान भी इस बार भीषण गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम देखने को मिला है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार मौसम में उतार-चढ़ाव और अनियमित वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है।

बीते 24 घंटों के दौरान वाराणसी में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम है। इस दौरान न्यूनतम आर्द्रता 47 प्रतिशत तथा अधिकतम आर्द्रता 69 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह भी तापमान में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। बादलों की मौजूदगी और पुरवा हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी, जबकि प्री-मानसूनी गतिविधियां मानसून के आगमन की दिशा में सकारात्मक संकेत दे रही हैं।

Share this story