वाराणसी में दिल दहला देने वाली वारदात! 6 साल की मासूम का अपहरण कर 70 फीट गहरे कुएं में फेंका, हालत गंभीर
चौबेपुर/वाराणसी। वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के कौवापुर गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। गांव निवासी इमरान की 6 वर्षीय पुत्री एकरा, जो बसंत पब्लिक स्कूल में एलकेजी की छात्रा है, सोमवार को स्कूल से छुट्टी के बाद पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान साइकिल सवार एक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपनी साइकिल पर बैठाया और अपहरण कर फरार हो गया। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में जुटी है।
आरोप है कि युवक बच्ची को छित्तमपुर स्थित डीहबाबा मंदिर के पास ले गया और वहां करीब 70 फीट गहरे सूखे कुएं में फेंककर मौके से फरार हो गया। कुएं से मासूम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।
बच्ची गंभीर रूप से घायल थी और उसके सिर में करीब 3 इंच गहरा घाव हो गया था। ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल निलांश हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे नरपतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर प्रमोद कुमार, एडीसीपी लिपि नाग्याच, एसीपी विद्युत सक्सेना समेत कई अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
