×

तिरंगे के रंग में रंगेगी काशी, 9 अगस्त से शुरू होगा 'हर घर तिरंगा' अभियान​​​​​​​

तिरंगे के रंग में रंगेगी काशी, 9 अगस्त से शुरू होगा 'हर घर तिरंगा' अभियान​​​​​​​
9 से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान: तिरंगे के रंग में रंगेगी काशी, डीएम ने दिए व्यापक दिशा-निर्देश

वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आजादी के अमृत पर्व को जनभागीदारी के साथ भव्य रूप से मनाने के उद्देश्य से जनपद वाराणसी में 9 से 17 अगस्त 2026 तक 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है। उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद एवं विकास खंड स्तर पर तिरंगा यात्रा, तिरंगा प्रदर्शनी, शहीदों को श्रद्धांजलि, निबंध, चित्रकला, भाषण, प्रश्नोत्तरी तथा सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों, पंचायत भवनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक एवं सार्वजनिक संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रभात फेरी, साइकिल रैली एवं मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से आमजन को अभियान से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया। जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में फटा, गंदा अथवा क्षतिग्रस्त तिरंगे का उपयोग न किया जाए। अभियान की समाप्ति के बाद राष्ट्रीय ध्वज का भारतीय ध्वज संहिता के अनुरूप सम्मानपूर्वक संरक्षण अथवा निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, उपायुक्त एनआरएलएम, अपर जिलाधिकारी (सिविल सप्लाई) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story