हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा की अपील, बोले- बच्चों में मजबूत करें देशभक्ति की बुनियाद
वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के सम्मान का संदेश देने के लिए सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर विशेष पहल की गई।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने विश्वविद्यालय परिवार, संस्कृत समाज और आम नागरिकों से अपने-अपने घरों, संस्थानों और देवालयों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

कुलपति ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव, एकता, स्वतंत्रता और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को आत्मिक भाव के साथ तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना चाहिए।
नवीन पीढ़ी में जगाएं त्याग और समर्पण की भावना
प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि देश के भविष्य बच्चों और युवाओं को तिरंगे के महत्व के बारे में जानकारी देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास, त्याग, समर्पण और श्रद्धा की भावना विकसित होने से राष्ट्र की नींव और मजबूत होगी।
उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार और काशीवासियों से आह्वान किया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में जागरूकता के साथ भागीदारी करें और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव के महापर्व के रूप में मनाएं।

तिरंगा यात्रा में गूंजा ‘भारत माता की जय’ का उद्घोष
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर के ऐतिहासिक मुख्य भवन से ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य, छात्र और कर्मचारी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए।
यात्रा के दौरान लहुराबीर चौराहे पर स्थापित महान क्रांतिकारी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
इसके बाद ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। यात्रा का समापन विश्वविद्यालय परिसर में मुख्य भवन के सामने हुआ।

घरों और देवालयों पर तिरंगा फहराने की अपील
कुलपति ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आवासों, इमारतों और देवालयों पर राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगे को सम्मानपूर्वक लगाया जाए। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से समाज में राष्ट्रवाद और देश के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार के साथ-साथ काशी के नागरिकों से भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने की अपील की।
विश्वविद्यालय परिवार की रही सहभागिता
‘हर घर तिरंगा’ यात्रा में विश्वविद्यालय के प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो. सुधाकर मिश्र, प्रो. हीरक कान्ति चक्रवर्ती, प्रो. विधु द्विवेदी, प्रो. शैलेष कुमार मिश्र, प्रो. महेन्द्र पाण्डेय, प्रो. अमित कुमार शुक्ल, प्रो. दिनेश कुमार गर्ग, प्रो. विजय कुमार पाण्डेय सहित कई शिक्षक, अधिकारी, छात्र और कर्मचारी उपस्थित रहे।
