×

ज्ञानवापी परिसर के मामलों में 22 सितंबर अहम, जिला जज की अदालत में होगी सुनवाई

ज्ञानवापी परिसर के मामलों में 22 सितंबर अहम, जिला जज की अदालत में होगी सुनवाई

वाराणसी। ज्ञानवापी परिसर से जुड़े विभिन्न मामलों में जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में सोमवार को सुनवाई हुई। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 22 सितंबर की तारीख निर्धारित की है। इस दौरान सभी संबंधित पक्षों को अदालत में उपस्थित रहने का आदेश दिया गया है।

मामले में शृंगार गौरी के नियमित दर्शन-पूजन की अनुमति, ज्ञानवापी परिसर के बंद तहखानों का भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से सर्वे कराने समेत अन्य प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई चल रही है। सोमवार को चोलापुर के महमूदपुर निवासी जयप्रकाश रामचंदर राजभर की ओर से दाखिल प्रार्थना पत्र पर भी सुनवाई हुई। उनकी ओर से मामले में पक्षकार बनाए जाने का अनुरोध किया गया था।

जयप्रकाश राजभर ने 24 मई 2025 को पक्षकार बनाए जाने के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। बाद में उनके अधिवक्ता ने अदालत से प्रार्थना पत्र वापस लेने की अनुमति मांगी थी। इस पर मंदिर पक्ष की ओर से आपत्ति जताई गई थी।

मंदिर पक्ष के अधिवक्ता सुधीर त्रिपाठी और सुभाष नंदन चतुर्वेदी ने प्रार्थना पत्र का विरोध करते हुए इस पर सुनवाई नहीं किए जाने का अनुरोध किया। वहीं, अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से अधिवक्ता मुमताज अहमद और रईस अहमद ने भी आपत्ति दर्ज कराई।

सोमवार को जयप्रकाश राजभर की ओर से एक संशोधित प्रार्थना पत्र अदालत में पेश किया गया। इस पर भी मामले से जुड़े सभी पक्षकारों ने आपत्ति जताई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 22 सितंबर की तारीख तय की और संबंधित पक्षों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया।

Share this story