बनारस के यात्रियों के लिए खुशखबरी! जल्द मिलेगी स्लीपर वंदे भारत की सुविधा
वाराणसी। वाराणसी से जालंधर के बीच जल्द ही स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन की तैयारी तेज हो गई है। प्रस्तावित ट्रेन के सप्ताह के सातों दिन संचालित होने की संभावना है। रेलवे ट्रैफिक दबाव को देखते हुए इसे दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के रास्ते चलाने की योजना पर विचार कर रहा है। यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है तो दिल्ली, पंजाब और जम्मू की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, फिलहाल ट्रेन के संचालन की तिथि और अंतिम रूट को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। हालांकि, संबंधित विभागों को सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में रविवार देर रात मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और बनारस रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने अधिकारियों की टीम के साथ बनारस रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं एवं संचालन व्यवस्था का जायजा लिया।
हालांकि, रेलवे के अधिकारी स्लीपर वंदे भारत के संचालन को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि करने से बच रहे हैं।
वर्तमान में वाराणसी से नई दिल्ली के बीच दो वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कुल सात ट्रेनें (एक साप्ताहिक) संचालित हो रही हैं। इसके अतिरिक्त तीन रन-थ्रू ट्रेनें तथा 17 ऐसी ट्रेनें भी हैं, जिनका संचालन सप्ताह में दो या तीन दिन होता है।
वाराणसी कैंट और बनारस स्टेशन से चलने वाली अधिकांश लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रहती है और सीटों की उपलब्धता लगभग पूरी तरह भरी रहती है। ऐसे में स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और प्रतीक्षा सूची का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
नई ट्रेन शुरू होने से दिल्ली, पंजाब और जम्मू की यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ मां वैष्णो देवी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में वाराणसी से जम्मू के लिए बेगमपुरा एक्सप्रेस प्रमुख ट्रेनों में शामिल है। ऐसे में स्लीपर वंदे भारत के संचालन से इस रूट पर यात्रा अधिक तेज, आरामदायक और सुविधाजनक होने की संभावना है।
