×

वाराणसी में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का प्रादेशिक सम्मेलन, 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा

वाराणसी में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का प्रादेशिक सम्मेलन, 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा

वाराणसी। शास्त्री घाट स्थित कचहरी मैदान में रविवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी उत्तर प्रदेश की ओर से प्रादेशिक सम्मेलन एवं आदिवासी अधिकार रैली का आयोजन किया गया। सम्मेलन में आदिवासी समाज के अधिकारों, सामाजिक उत्थान, राजनीतिक भागीदारी और संवैधानिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के तानाखार से विधायक एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। 

सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू सिंह मरावी ने की, जबकि राष्ट्रीय महासचिव श्याम सिंह मरकाम, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल सिंह धुर्वे, राष्ट्रीय प्रवक्ता राधेश्याम ककोड़िया, राजकुमार आरमो तथा गोंडवाना उदय न्यूज के संस्थापक डॉ. एलएस उदय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय महामंत्री अरविंद गोंडवाना ने किया।

वाराणसी में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का प्रादेशिक सम्मेलन, 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू सिंह मरावी ने आदिवासी समाज के अधिकारों और विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर 10 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी वाराणसी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भारत के राष्ट्रपति को प्रेषित किया। मांग पत्र में पृथक अनुसूचित जनजाति आयोग और जनजातीय विकास विभाग की स्थापना, सरकारी विभागों में लंबित बैकलॉग भर्तियों को पूरा करने, नायक, ओझा एवं नेपाल मूल के थारू समुदाय की स्थिति की जांच कराने तथा वनाधिकार अधिनियम-2006 के तहत पात्र लोगों को भूमि का पट्टा देने की मांग शामिल रही।

इसके अलावा फर्जी रजिस्ट्रियों को निरस्त करने, गोंड समाज की सभी उपजातियों को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने, धर्म कॉलम कोड लागू करने, जनजातीय संग्रहालय की स्थापना तथा जनजातीय कल्याण एवं समाज कल्याण से संबंधित विभागीय व्यवस्थाओं को मजबूत करने की मांग उठाई गई।

कार्यक्रम में आदिवासी परंपरा और संस्कृति की विशेष झलक देखने को मिली। अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं सम्मान किया गया। गोटूल के विद्यार्थियों ने रेला और ददरिया गीतों की प्रस्तुति देकर आदिवासी संस्कृति की समृद्ध परंपरा से लोगों को परिचित कराया। वहीं, गोंडवाना सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की टीम ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुति से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। विभिन्न वक्ताओं ने अपने संबोधन में आदिवासी समाज को संगठित होकर अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।

वाराणसी में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का प्रादेशिक सम्मेलन, 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा

सम्मेलन में वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, प्रयागराज, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, अंबेडकर नगर, लखनऊ, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भागीदारी की।

आयोजन की व्यवस्था में प्रदेश महासचिव रमाशंकर पोया, मारुतेंद्र प्रताप सिंह, प्रदीप कुमार, गोपाल खरवार एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अतिथियों का माल्यार्पण कर एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया।

वाराणसी में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का प्रादेशिक सम्मेलन, 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा

इस अवसर पर विनोद शाह मरकाम, रामनरेश पोया, सुरेश शाह, सुरेंद्र कुमार गोंड, बबुन्दर गुप्ता, अमरजीत गोंड, जितेंद्र कुमार, हेमचंद्र गोंड, रमेश गोंड, विनोद गोंड, विनय कुमार गोंड, दरोगा कुमार गोंड, योगेश कुमार गोंड, प्रमोद कुमार, रामतिलक गोंड, आदर्श गोंड, जगदेव प्रसाद, रामप्रकाश गोंड, संजय कुमार, लल्लन प्रसाद, महाबीर प्रसाद, रामसुन्दर धुरिया, रामगोपाल गोंड, रामबरन गोंड सहित पार्टी के विभिन्न प्रदेश, मंडल एवं जिला स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this story