×

काशी दर्शन से पहले हादसा: तुलसी घाट पर गंगा में डूबा गाजीपुर का युवक

वाराणसी में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़: नौकरी दिलाने के नाम पर 250 युवकों से ठगी, 7 गिरफ्तार

वाराणसी। काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आए गाजीपुर के एक युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार तड़के तुलसी घाट पर हुआ, जहां स्नान के दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और काफी देर की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

मृतक की पहचान गाजीपुर जिले के रेवतीपुर निवासी 21 वर्षीय तुषार राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तुषार अपने दोस्तों के साथ वाराणसी घूमने और बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए आया था। सभी लोगों ने पहले गंगा स्नान करने का कार्यक्रम बनाया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार भोर करीब तीन बजे तुषार अपने साथियों के साथ तुलसी घाट पहुंचा। स्नान के दौरान वह सुरक्षा के लिए लगाई गई जेटी को पार कर गंगा के गहरे हिस्से में चला गया। घाट पर मौजूद लोगों ने उसे आगे जाने से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक इन दिनों गर्मी के कारण गंगा का जलस्तर कम है, जिससे लोग काफी अंदर तक चले जाते हैं। इसी दौरान तुषार अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। साथियों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद युवक का शव गंगा से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

Share this story