×

वाराणसी में CNG सिलेंडर से गैस रिसाव, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

वाराणसी में CNG सिलेंडर से गैस रिसाव, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
 सीएनजी सिलेंडर लदे वाहन में तकनीकी खराबी, समय पर कार्रवाई से टला बड़ा खतरा

वाराणसी। बाबतपुर-बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर स्थित वाराणसी-जौनपुर फोरलेन पर बुधवार देर रात सीएनजी सिलेंडरों से लदे एक मालवाहक वाहन में गैस रिसाव होने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चालक की सतर्कता, फायर ब्रिगेड और सीएनजी कंपनी की तकनीकी टीम की तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, सीएनजी सिलेंडरों से लदा मालवाहक वाहन सप्लाई के लिए जा रहा था। रात करीब 12:40 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग एक किलोमीटर पहले चालक को एक सिलेंडर के वाल्व से गैस रिसाव होने का आभास हुआ। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसने तत्काल वाहन को फोरलेन के किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया और संबंधित सीएनजी कंपनी के अधिकारियों तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पिंडरा फायर स्टेशन से दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और दमकल कर्मियों ने आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया तथा गैस के प्रभाव को कम करने के लिए पानी का छिड़काव किया। इससे क्षेत्र में किसी भी संभावित दुर्घटना की आशंका को टाल दिया गया।

कुछ ही देर बाद सीएनजी कंपनी की तकनीकी टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। जांच में पता चला कि सिलेंडर के वाल्व में तकनीकी खराबी के कारण गैस का रिसाव हो रहा था। तकनीकी कर्मचारियों ने तत्काल खराब वाल्व और नोजल को बदल दिया, जिसके बाद गैस का रिसाव पूरी तरह बंद हो गया। स्थिति सामान्य होने पर अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर सीएनजी सिलेंडरों से गैस रिसाव की यह पहली घटना नहीं है। पिछले छह महीनों में तीन से चार बार इसी प्रकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें वाल्व अथवा नोजल की तकनीकी खराबी मुख्य कारण रही है। फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई किए जाने के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

Share this story