गंगा उफान पर, काशी में बाढ़ का संकट, पीएम मोदी ने फोन पर लिया हालात का जायजा
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी से टेलीफोन पर बातचीत कर शहर में गंगा के बढ़ते जलस्तर और उससे प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन और नगर निगम की ओर से किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की भी जानकारी ली।
टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए राहत शिविरों की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महापौर से शिविरों में रह रहे लोगों को उपलब्ध कराई जा रही खाद्य सामग्री, पेयजल, दवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति के बारे में विस्तार से पूछा।
प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएं और जरूरत के अनुसार तत्काल अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था की जाए।
प्रधानमंत्री ने बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के पार्षदों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि धरातल पर सक्रिय रहकर प्रभावित लोगों की समस्याओं को समझें और राहत कार्यों में प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए बाढ़ प्रभावित परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ने इस प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने और प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
