वाराणसी। लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। गुरुवार सुबह 8 बजे तक गंगा का जलस्तर 62.40 मीटर दर्ज किया गया। सुबह तक जलस्तर 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ता रहा, जबकि पिछले 24 घंटे में इसमें कुल 44 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई।
हालांकि गंगा का जलस्तर अभी भी चेतावनी बिंदु (70.262 मीटर) से 7.86 मीटर और खतरा बिंदु (71.262 मीटर) से 8.86 मीटर नीचे है। इसके बावजूद बढ़ते जलस्तर का असर गंगा घाटों पर साफ दिखाई देने लगा है। कई घाटों की निचली सीढ़ियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं, जबकि तटवर्ती कई मंदिरों के निचले हिस्सों में भी पानी भर गया है।
जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती के मंच तक भी पानी पहुंचने की स्थिति बन गई है। यदि जलस्तर इसी गति से बढ़ता रहा तो आरती की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। प्रशासन लगातार गंगा के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है।
