Ganga Dussehra: भीषण गर्मी के बीच गंगा स्नान को उमड़ी भीड़, हर-हर महादेव से गूंजे घाट
Ganga Dussehra: धर्म और आस्था की नगरी काशी में मंगलवार को गंगा दशहरा के पावन पर्व पर श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। नौतपा की भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। सुबह तड़के चार बजे से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी और देखते ही देखते काशी के सभी प्रमुख घाट “हर-हर महादेव” और “गंगा मैया की जय” के उद्घोष से गूंज उठे।
गंगा दशहरा के अवसर पर करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां गंगा का पूजन किया, दुग्धाभिषेक किया तथा दान-पुण्य कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालु स्नान के बाद सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे, जहां दर्शन-पूजन का सिलसिला देर तक चलता रहा।
काशी के दशाश्वमेध, अस्सी, पंचगंगा, शीतला, राजेंद्र प्रसाद और मणिकर्णिका घाट समेत 84 घाटों पर सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली। घाटों पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस और प्रशासन की विशेष व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह बैरिकेडिंग, मेडिकल टीम और जल पुलिस की तैनाती रही, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नौतपा की तेज गर्मी के बीच गंगा का शीतल जल श्रद्धालुओं के लिए राहत का कारण बना। श्रद्धालुओं का कहना था कि मां गंगा में स्नान कर उन्हें आत्मिक शांति और ऊर्जा की अनुभूति हुई। घाटों पर साधु-संतों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भारी मौजूदगी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
गंगा दशहरा के अवसर पर कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शर्बत, पानी और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई। पूरे दिन घाटों पर भक्ति, आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
