काशी विश्वनाथ दरबार पहुंचे पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, आधे घंटे तक किया ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप
वाराणसी। धर्मनगरी काशी में सोमवार को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचकर उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और करीब आधे घंटे तक बैठकर ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप किया।

काशी पहुंचने के बाद वीरेंद्र सहवाग आम श्रद्धालु की तरह शहर की गलियों में घूमते नजर आए। उन्होंने टोपी और मास्क पहन रखा था, जिससे गलियों में मौजूद लोग उन्हें पहचान नहीं सके। सहवाग चौक थाने से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार तक पैदल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने काशी के अन्य मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किया।

बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद सहवाग ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “जहां महादेव का बुलावा आ जाए, वहां जाना अपने आप में सौभाग्य है।” उनकी इस पोस्ट पर प्रशंसकों ने ‘हर-हर महादेव’ लिखकर प्रतिक्रिया दी।

काशी की आध्यात्मिक परंपरा और बाबा विश्वनाथ के प्रति श्रद्धा का यह अनुभव सहवाग के लिए विशेष रहा। उनके काशी आगमन की खबर से क्रिकेट प्रशंसकों और शिवभक्तों में भी उत्साह देखने को मिला।
