×

काशी की देव दीपावली में पहली बार होगा ड्रोन शो, 2100 ड्रोन से आसमान में उतरेगी शिव महिमा

काशी की देव दीपावली में पहली बार होगा ड्रोन शो, 2100 ड्रोन से आसमान में उतरेगी शिव महिमा

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में इस बार देव दीपावली का उत्सव केवल गंगा के घाटों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसमान में भी भव्यता और दिव्यता का नजारा देखने को मिलेगा। 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर पहली बार 2100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से काशी के आकाश में भगवान शिव की महिमा और पौराणिक प्रसंगों को जीवंत किया जाएगा। करीब 15 मिनट तक चलने वाला यह विशेष ड्रोन शो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण होगा।

राजघाट से नमो घाट तक लाखों दीपों की रोशनी के बीच आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में ड्रोन के जरिए भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों, शिव तांडव, महेश्वर सूत्र और मां गंगा के धरती पर अवतरण के दृश्य प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की आकृतियां भी आसमान में उकेरी जाएंगी।

15 विशेष फॉर्मेशन में दिखेगी काशी की आध्यात्मिक विरासत

इस ड्रोन शो में कुल 15 विशेष फॉर्मेशन तैयार किए गए हैं। थ्री-डी एनिमेशन तकनीक की मदद से तैयार आकृतियों को थीम आधारित संगीत और हिंदी वॉयस ओवर के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। इसके माध्यम से काशी की धार्मिक, पौराणिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के जरिए दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। आसमान में एक के बाद एक बनने वाली आकृतियां देव दीपावली के पारंपरिक उत्सव को नया आयाम देंगी। प्रस्तुति में उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इस वर्ष राजघाट से नमो घाट तक देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जाएगा। 2100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से काशी की आध्यात्मिक महत्ता और पौराणिक प्रसंगों को आसमान में प्रदर्शित किया जाएगा।

वहीं, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के अनुसार, काशी की देव दीपावली आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम का वैश्विक उत्सव बन चुकी है। इस आयोजन के माध्यम से देव दीपावली की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को यादगार अनुभव देने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई जाती है देव दीपावली

काशी में देव दीपावली का पर्व कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन देवी-देवता स्वर्ग से धरती पर उतरकर मां गंगा में स्नान करते हैं। इसी मान्यता के तहत गंगा के घाटों पर लाखों दीप जलाकर दीपदान किया जाता है। दीपावली के 15 दिन बाद मनाए जाने वाले इस पर्व को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचते हैं। इस बार घाटों पर दीपों की रोशनी के साथ 2100 स्वदेशी ड्रोन का प्रदर्शन उत्सव की भव्यता में एक नया आकर्षण जोड़ने जा रहा है।

Share this story