सुबह कुहासा और रात में ठिठुरन, पूर्वांचल में सर्दी पकड़ेगी रफ्तार
वाराणसी। दीपावली के बाद वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सुबह के समय हल्का कुहासा दिखाई देने लगा है, वहीं आने वाले दिनों में ठंड और गलन बढ़ने के आसार हैं। मौसम में बदलाव के साथ ही पूर्वांचल के ग्रामीण और मैदानी इलाकों में कोहरे का प्रभाव भी बढ़ सकता है। पछुआ हवाओं के सक्रिय होने के बाद ठंड का असर और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम के मौजूदा रुख की बात करें तो वाराणसी में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। सुबह के समय वातावरण में नमी और हल्के कुहासे के कारण मौसम में बदलाव महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग के संकेतों के अनुसार, पूर्वांचल के उत्तर में नेपाल की तराई वाले क्षेत्रों और पूर्वी हिस्सों में बादलों की सक्रियता बनी हुई है। आने वाले दिनों में मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने और पछुआ हवाओं के प्रभाव से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इसके चलते सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।
मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं अगले पखवारे में पछुआ हवाओं का प्रभाव बढ़ने के साथ वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई जिलों में कोहरे का दायरा बढ़ने की संभावना है। इससे सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच लोगों को सुबह और देर शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को बदलते मौसम में ठंड से बचाव के लिए आवश्यक एहतियात बरतनी चाहिए।
