गंगा में बढ़ेगी मछलियों की आबादी, छोड़े जाएंगे दो लाख मत्स्य बीज
वाराणसी। गंगा नदी के जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और मछलियों की घटती आबादी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मत्स्य विभाग की ओर से गुरुवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत संत रविदास घाट पर आयोजित रिवर रैंचिंग कार्यक्रम में गंगा में दो लाख मछलियों के बीज छोड़े जाएंगे। इनमें एक लाख राज्यमीन चिताला और एक लाख भारतीय मेजर कार्प प्रजाति की मछलियां शामिल हैं।
मत्स्य विभाग के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य गंगा की जलीय जैव विविधता का संरक्षण करना और नदी के प्राकृतिक पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखना है। चिताला मछली की संख्या बढ़ाने के साथ ही अन्य प्रमुख प्रजातियों को भी नदी में संरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में महापौर अशोक तिवारी और जिला पंचायत प्रशासक पूनम मौर्या की मौजूदगी प्रस्तावित है।
मत्स्य विभाग के उप निदेशक सुरेश कुमार ने बताया कि रिवर रैंचिंग के माध्यम से नदी में मछलियों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी। चिताला गंगा की महत्वपूर्ण देशी प्रजातियों में शामिल है। इसके संरक्षण से जलीय खाद्य शृंखला को मजबूती मिलेगी। साथ ही नदी में विभिन्न प्रजातियों की मौजूदगी से जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि मछलियां जलीय पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके संरक्षण से नदी के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने में मदद मिलती है। इसके अलावा मत्स्य उत्पादन बढ़ने से मछुआरों और मत्स्य पालकों की आजीविका को भी लाभ मिल सकता है। मछली प्रोटीन का अच्छा स्रोत होने के कारण आम लोगों को पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ाने में भी इसकी भूमिका है।
मत्स्य विभाग की यह पहल गंगा में मछलियों की विभिन्न प्रजातियों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। रिवर रैंचिंग के तहत चयनित प्रजातियों के मत्स्य बीज प्राकृतिक जल स्रोतों में छोड़े जाते हैं, जिससे उनकी आबादी बढ़ाने और जलीय जैव विविधता को सुरक्षित रखने में सहायता मिलती है।
