काशी विश्वनाथ मंदिर के पास जलान शोरूम के किचन में लगी आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के समीप स्थित जलान शोरूम के किचन में बुधवार को अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शोरूम की छत की ओर से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों और आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार, आग शोरूम के किचन में लगी थी। कुछ ही देर में वहां से धुआं निकलकर छत की ओर फैलने लगा। धुआं उठता देख आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल की तत्परता से नियंत्रित हुई आग
काशी विश्वनाथ मंदिर के समीप स्थित होने के कारण घटना को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, दमकल कर्मियों की सक्रियता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। इससे आग के आसपास के हिस्सों में फैलने की आशंका टल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों और उससे हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
