मुगलसराय में पारिवारिक विवाद के बीच बच्चे को लेकर गया पिता, पुलिस ने किया सकुशल बरामद
चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में शनिवार को एक साढ़े पांच वर्षीय बालक के कथित अपहरण की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डायल 112 पर मिली सूचना के अनुसार दो लोग कार से एक बच्चे को लेकर फरार हो गए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा निकला और पुलिस ने कुछ ही घंटों में भदोही जनपद से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार रतनपुर निवासी रजनी पटेल का अपने पति सोमवीर से पारिवारिक विवाद चल रहा है। सोमवीर हरियाणा में रहता है। करीब दो महीने पहले रजनी अपने साढ़े पांच वर्षीय बेटे शिवम को लेकर बिना बताए मायके चली आई थीं, जबकि उनकी बड़ी बेटी हरियाणा में ही रह गई थी।
बताया गया कि बेटे को अपने साथ ले जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार बातचीत होती रही। शनिवार को सोमवीर एक अन्य व्यक्ति के साथ कार से रतनपुर पहुंचा और बेटे शिवम को अपने साथ लेकर चला गया। इसके बाद बच्चे के अपहरण की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मुगलसराय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें कार रामनगर होते हुए हाईवे की ओर जाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल जिले के साथ-साथ वाराणसी, प्रयागराज और आसपास के जनपदों की पुलिस को अलर्ट कर दिया।
अलर्ट के आधार पर भदोही जनपद के ऊंज थाना पुलिस ने संबंधित कार को रोक लिया और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। चंदौली पुलिस की टीम बच्चे को वापस लाने के लिए रवाना हो गई है। पुलिस ने बताया कि बच्चे को परिजनों को सौंपने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। सभी पक्षों से पूछताछ के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
