×

बारिश भी नहीं रोक पाई भक्ति, काशी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

बारिश भी नहीं रोक पाई भक्ति, काशी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
आस्था के रंग में रंगी काशी, कांवड़ियों के स्वागत में आसमान से बरसे फूल

वाराणसी। सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के एक साथ पड़ने से धर्मनगरी काशी में सोमवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से काशी विश्वनाथ धाम सहित शहर के प्रमुख शिवालय गूंजते रहे। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के स्वागत में हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई।

काशी विश्वनाथ धाम में रविवार रात से ही श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी। सोमवार सुबह मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में भक्त कतार में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए काशी विश्वनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार भीड़ की निगरानी करती रहीं। मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए।

बारिश भी नहीं रोक पाई भक्ति, काशी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

पुलिस आयुक्त ने परखी व्यवस्थाएं

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को मैदागिन से गोदौलिया और गंगाघाट तक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ मार्ग, प्रमुख संपर्क मार्गों, घाटों और मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों की स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों को भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

बारिश भी नहीं रोक पाई भक्ति, काशी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

प्रमुख शिवालयों में उमड़ी भीड़

सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के संयोग का असर शहर के अन्य प्रमुख शिव मंदिरों में भी देखने को मिला। तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर, गौरी केदारेश्वर महादेव मंदिर, महामृत्युंजय मंदिर और जागेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।

भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। काशी के विभिन्न घाटों से लेकर मंदिरों तक पूरे दिन धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। बारिश के बावजूद कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बनी रही और काशी हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजती रही।

बारिश भी नहीं रोक पाई भक्ति, काशी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Share this story