काशी में ‘एक शाम क्रांतिकारियों के नाम’, शहीद परिवारों का हुआ सम्मान
वाराणसी। वंदेमातरम राष्ट्रीय गीत दिवस के अवसर पर रविवार को हिंदू युवा वाहिनी एवं त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन की ओर से गुरु गोरक्षनाथ मंदिर, मैदागिन में ‘एक शाम देश के महान क्रांतिकारियों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के महान क्रांतिकारियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान शहीदों के परिजनों के साथ कारगिल योद्धा अजय सिंह को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण और स्वस्तिवाचन के साथ हुआ। स्वस्तिवाचन सोनू बाबा काशी वाले ने किया। इसके बाद ज्योति मौर्या एवं उनकी टीम ने गणेश वंदना और वंदेमातरम गीत की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि सीआरपीएफ वाराणसी के असिस्टेंट कमांडेंट रंजन सिंह और विशिष्ट अतिथि गोरखनाथ मठ मैदागिन के महंत रामनाथ जी महाराज ने कार्यक्रम में सहभागिता की। आयोजकों की ओर से अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

समाजसेवा के माध्यम से भी राष्ट्रहित में योगदान संभव
मुख्य अतिथि रंजन सिंह ने कहा कि हर व्यक्ति के लिए सेना या पुलिस में जाकर देशसेवा करना संभव नहीं होता, लेकिन संगठन बनाकर समाजसेवा के माध्यम से भी राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
हिंदू युवा वाहिनी वाराणसी मंडल प्रभारी एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला ने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शहीदों और क्रांतिकारियों की स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर वर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। उन्होंने सरकार से 7 सितंबर को राष्ट्रीय गीत दिवस घोषित करने की मांग भी उठाई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में पूजा राय ने वंदेमातरम गीत पर प्रेरणादायी नृत्य प्रस्तुत किया। अदिति चौधरी की देशभक्ति प्रस्तुति को भी दर्शकों ने खूब सराहा। रंगकर्मियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति और बलिदान की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में मयंक पटेल ने देशभक्ति गीतों की सामूहिक प्रस्तुति देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

शहीदों के परिजनों और कारगिल योद्धा का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही कारगिल योद्धा अजय सिंह को भी सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया गया।
धन्यवाद ज्ञापन हिंदू युवा वाहिनी महानगर अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी के निवर्तमान जिला संयोजक सुनील सिंह, निवर्तमान जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह (आशु), जिला उपाध्यक्ष अभिषेक गौतम, महानगर प्रभारी मनीष मिश्रा, महानगर संयोजक सुनील कुशवाहा, महानगर उपाध्यक्ष सन्नी गुप्ता, ओमप्रकाश जायसवाल, विनय चौरसिया, महानगर प्रचार-प्रसार मंत्री उमेश सिंह, रुद्र पाण्डेय, अभिषेक श्रीवास्तव, मनीष वर्मा, दिनेश अग्रहरि, मीडिया प्रभारी अश्वनी गुप्ता, गप्पू सिंह, कार्यसमिति सदस्य विकास जैन, शेखर सिंह सहित 12 मंडल इकाइयों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके अलावा महानगर उद्योग व्यापार समिति के रजनीश कन्नौजिया, मनीष गुप्ता (पार्षद, हबीबपुरा), श्रवण गुप्ता (पार्षद, चेतगंज), विश्वास जायसवाल, महानगर उपाध्यक्ष किसान मोर्चा सहित विभिन्न व्यापार मंडलों से जुड़े व्यापारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
