बरेका ग्राउंड में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले खड़े, दहन की तैयारियां पूरी
वाराणसी। विजयदशमी पर्व को लेकर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ग्राउंड में रावण दहन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैदान में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतलों को खड़ा कर दिया गया है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और लोग विजयदशमी के इस पारंपरिक उत्सव का इंतजार कर रहे हैं।
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरे मैदान में बैरिकेडिंग की गई है। इसके जरिए दर्शकों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव के इंतजाम किए गए हैं।
रावण दहन से पहले बरेका ग्राउंड में रामायण पर आधारित लगभग चार घंटे के नाट्य रूपांतरण का मंचन भी किया गया। इस दौरान रामायण के प्रसंगों के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश प्रस्तुत किया गया।
विजयदशमी का पर्व भगवान श्रीराम की ओर से रावण पर विजय प्राप्त करने के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। बरेका ग्राउंड में होने वाला यह आयोजन हर वर्ष लोगों के आकर्षण का केंद्र रहता है।
