BHU के खेल मैदानों से होगी कमाई, ₹1,000 से ₹7,000 तक किराया, व्यावसायिक उपयोग पर ₹50 हजार तक शुल्क
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) अब अपनी खेल सुविधाओं के इस्तेमाल से राजस्व जुटाएगा। यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड की ओर से इंडोर, एथलेटिक्स, टेनिस, तैराकी, स्क्वैश समेत 11 खेलों के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है।
खेल प्रतियोगिताओं और सामान्य बुकिंग के लिए शुल्क ₹1,000 से ₹7,000 तक रखा गया है, जबकि व्यावसायिक उपयोग के लिए यह शुल्क ₹5,000 से ₹50,000 तक हो सकता है।
बास्केटबॉल और फुटबॉल के लिए सबसे कम शुल्क
निर्धारित दरों के अनुसार बास्केटबॉल, फुटबॉल, वॉलीबॉल और हैंडबॉल के लिए मैदान का शुल्क ₹1,000 रखा गया है। वहीं हॉकी एस्ट्रोटर्फ और स्वीमिंग पूल की प्रति मैच फीस अधिकतम ₹7,000 तक निर्धारित की गई है।
यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड ने यह जानकारी आरटीआई के जवाब में दी है। इसके मुताबिक सामान्य खेल गतिविधियों और व्यावसायिक उपयोग के शुल्क में कई सुविधाओं पर बड़ा अंतर रखा गया है।
स्वीमिंग पूल का व्यावसायिक रेट ₹50 हजार
जानकारी के अनुसार स्वीमिंग पूल की बुकिंग फीस ₹7,000 है, जबकि व्यावसायिक उपयोग के लिए इसका शुल्क ₹50,000 तक निर्धारित किया गया है।
हॉकी एस्ट्रोटर्फ पर एक मैच के लिए ₹2,000 और प्रतिदिन उपयोग के लिए ₹7,000 शुल्क है, जबकि व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए ₹15,000 देने होंगे। बॉक्सिंग रिंग का शुल्क ₹2,000 और अन्य कार्यों के लिए ₹5,000 रखा गया है।
इंडोर स्टेडियम और क्रिकेट मैदान के भी रेट तय
विभूति नारायण इंडोर स्टेडियम में प्रतियोगिता के लिए ₹6,000 शुल्क निर्धारित है, जबकि व्यावसायिक उपयोग के लिए ₹15,000 देना होगा।
क्रिकेट मैदान के लिए प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन ₹4,000 और व्यावसायिक उपयोग के लिए ₹10,000 शुल्क रखा गया है। टेनिस कोर्ट पर एक मैच के लिए ₹2,000 और स्क्वैश कोर्ट के लिए ₹7,000 शुल्क निर्धारित किया गया है।
जेके बैडमिंटन हॉल का शुल्क ₹3,000 और एथलेटिक्स सुविधा का शुल्क ₹3,000 से ₹5,000 के बीच रखा गया है।
व्यावसायिक बुकिंग का अंतिम फैसला समिति करेगी
आरटीआई के जवाब में बताया गया है कि किसी भी खेल मैदान की व्यावसायिक बुकिंग को मंजूरी देने का अंतिम निर्णय समिति करेगी। आयोजक को होने वाले संभावित वित्तीय लाभ का विश्लेषण करने के बाद दर निर्धारित की जाएगी।
विश्वविद्यालय के अनुसार खेल सुविधाओं का उपयोग गैर-खेल उद्देश्य के लिए नहीं किया जाएगा। व्यावसायिक बुकिंग के दौरान निर्धारित न्यूनतम शुल्क और अन्य नियमों का भी ध्यान रखा जाएगा।
