×

सीवर लाइन नहीं होने से शिवदासपुर नई बस्ती में जलभराव, लोगों ने नगर निगम से लगाई गुहार

Varanasi News, Shivdaspur News, Manduadih News, Sewer Problem, Waterlogging, Nagar Nigam Varanasi, Civic Issue, UP News, Live Bharat News, Varanasi Latest News

वाराणसी। मंडुवाडीह क्षेत्र के शिवदासपुर नई बस्ती स्थित प्लाट संख्या 413 के पास कब्रिस्तान से सटी गली में सीवर व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों का गंदा पानी सड़क पर बहने से जलभराव, गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी हुई है, जिससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लगातार गंदा पानी जमा रहने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर चुके हैं। वहीं जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

क्षेत्र के निवासी जयप्रकाश मौर्य एवं अन्य स्थानीय लोगों ने नगर निगम से जल्द सीवर लाइन निर्माण कर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।

इस संबंध में उत्तर प्रदेश ऑटो रिक्शा थ्री-व्हीलर चालक यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जा सकता। सीवर व्यवस्था का अभाव स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए गंभीर समस्या है। उन्होंने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर सीवर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे जनहित में शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

Share this story