×

काशी में मौसम का डबल अटैक, बारिश के बाद बढ़ी उमस, लू का अलर्ट जारी

काशी में मौसम का डबल अटैक, बारिश के बाद बढ़ी उमस, लू का अलर्ट जारी

Varanasi में आंधी और बारिश के बाद अब मौसम फिर से करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 16 से 19 मई तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तीखी धूप के साथ तेज गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा। दिन में लगभग 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि नमी 60 प्रतिशत से अधिक दर्ज की गई।

IMD के यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने काशी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में गर्म हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले एक-दो दिनों में काशी लू की चपेट में आ सकता है। उन्होंने बताया कि आने वाले छह से सात दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है।

मौसम विभाग के मुताबिक 20 मई तक अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

वहीं बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान के बाद जिला प्रशासन ने नुकसान का आकलन कराया। आंधी में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा छह पशुओं की मौत हुई है, 14 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं तथा चार पशुबाड़ों को भी नुकसान पहुंचा है।

Share this story