×

वाराणसी में मणिकर्णिका घाट के निर्माण कार्य का डीएम ने लिया जायजा, बोले- अंतिम संस्कार में आने वालों को न हो परेशानी

वाराणसी में मणिकर्णिका घाट के निर्माण कार्य का डीएम ने लिया जायजा, बोले- अंतिम संस्कार में आने वालों को न हो परेशानी

वाराणसी। मणिकर्णिका घाट पर चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कॉरिडोर, बालाजी घाट और यूनिटी मॉल का जायजा लेते हुए अधिकारियों को परियोजना की गति बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम ने खास तौर पर मणिकर्णिका घाट पर ऐसा रैंप तैयार करने को कहा, जिससे अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

मणिकर्णिका घाट पर सुविधाजनक रैंप बनाने के निर्देश

डीएम सत्येंद्र कुमार ने मणिकर्णिका घाट के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि यहां बनने वाला रैंप लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अंतिम संस्कार के लिए घाट पर आने वाले लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

घाट के निर्माण कार्य में सुविधा, सुरक्षा और उपयोगिता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया।

वाराणसी में मणिकर्णिका घाट के निर्माण कार्य का डीएम ने लिया जायजा, बोले- अंतिम संस्कार में आने वालों को न हो परेशानी

बाढ़ के दौरान भी जारी रहे निर्माण कार्य

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पहले से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि बाढ़ के कारण निचले स्तर पर निर्माण कार्य प्रभावित होता है तो ऊपरी स्तर पर उपलब्ध कार्यों को जारी रखा जाए, ताकि पूरी परियोजना की रफ्तार पर असर न पड़े।

डीएम ने समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी करने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा।

वाराणसी में मणिकर्णिका घाट के निर्माण कार्य का डीएम ने लिया जायजा, बोले- अंतिम संस्कार में आने वालों को न हो परेशानी

बाढ़ में भी चालू रहें शौचालय

डीएम ने निर्माण क्षेत्र में सुविधाओं को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान भी घाट पर शौचालय कार्यशील रहें, इसके लिए आवश्यक इंतजाम पहले से कर लिए जाएं।

इस दौरान अधिकारियों को लोगों की सुविधा और निर्माण कार्य के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बालाजी घाट और यूनिटी मॉल का भी निरीक्षण

मणिकर्णिका घाट के बाद जिलाधिकारी ने बालाजी घाट और निर्माणाधीन यूनिटी मॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

यूनिटी मॉल में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, ठेकेदार के प्रोजेक्ट मैनेजर और परामर्शी के इंजीनियर मौजूद रहे।

गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता नहीं

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और तय मानकों के अनुरूप काम कराने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व सदानंद गुप्ता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

मणिकर्णिका घाट पर रैंप का निर्माण इस तरह किया जाएगा कि अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। वहीं, बाढ़ की स्थिति में निचले स्तर का काम प्रभावित होने पर ऊपरी स्तर के निर्माण कार्य जारी रखने की योजना पर जोर दिया गया है।

Share this story