×

प्रयागराज में बिजली व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी सख्त, रोस्टर के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

 प्रयागराज में बिजली व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी सख्त, रोस्टर के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

प्रयागराज। भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग के बीच प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने रविवार को एनआईसी सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्याओं पर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। अधीक्षण अभियंता विद्युत यमुनापार लोकेश कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल लागू है। रात में बिजली की मांग बढ़ने के कारण रोस्टिंग करनी पड़ रही है, जिसकी भरपाई दिन में की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोडिंग और बिजली चोरी पर नियंत्रण के लिए विजिलेंस टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अवैध कटिया कनेक्शन हटाए जा रहे हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में फॉल्ट ठीक करने के लिए विशेष मेंटेनेंस टीमें और वाहन तैनात किए गए हैं।

 प्रयागराज में बिजली व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी सख्त, रोस्टर के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

प्रतिदिन खराब हो रहे 125 ट्रांसफार्मर

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण प्रतिदिन 120 से 125 ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं। हालांकि विभाग ने मरम्मत के बाद 350 ट्रांसफार्मरों का स्टॉक तैयार रखा है और उन्हें बदलने के लिए 21 वाहन लगाए गए हैं। जल निगम, अस्पताल और पेयजल आपूर्ति से जुड़े ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता पर बदला जा रहा है।

डीएम ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सभी एसडीओ, जेई और विद्युत कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण करें और आम लोगों से संवाद बनाए रखें। किसी भी विद्युत फॉल्ट की शिकायत मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी तकनीकी कारण से बिजली आपूर्ति बहाल होने में समय लग रहा हो तो इसकी जानकारी उपभोक्ताओं को भी दी जाए, ताकि लोगों में भ्रम की स्थिति न बने।

बिजली चोरी और अवैध कनेक्शन पर होगी सख्ती

डीएम ने बिजली चोरी, अवैध कनेक्शन और कटिया लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने मजिस्ट्रेट, पुलिस और विद्युत विभाग की संयुक्त पेट्रोलिंग कर बिजली चोरी पर रोक लगाने को कहा। साथ ही ओवरलोडेड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और फीडरवार मॉनिटरिंग की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए।

24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

बैठक में जिलाधिकारी ने बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी फोन कॉल्स का त्वरित रिस्पॉन्स दिया जाए और शिकायतों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को तहसील और डिवीजन स्तर पर अधिकारियों की टीम बनाकर बिजली आपूर्ति की मॉनिटरिंग कराने के निर्देश भी दिए।    

Share this story