भीषण गर्मी में भी बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, मंदिर प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम
वाराणसी। भीषण गर्मी और तेज तापमान के बावजूद श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था लगातार उमड़ रही है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्री विश्वेश्वर के दर्शन-पूजन के लिए वाराणसी पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
मंदिर प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग में जगह-जगह मटकों में शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिल रही है। इसके साथ ही दर्शन पथ पर जूट मैट बिछाई गई हैं ताकि गर्म फर्श पर चलने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
श्रद्धालुओं को शीतल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए मंदिर परिसर में फुहारे युक्त पंखे भी लगाए गए हैं। इन पंखों से लगातार ठंडी हवा और पानी की फुहार मिल रही है, जिससे दर्शन के लिए आने वाले लोगों को गर्मी से काफी राहत महसूस हो रही है।
श्रद्धालुओं ने मंदिर न्यास द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद दर्शन व्यवस्था बेहद सुचारु और सुविधाजनक है। मंदिर प्रशासन की ओर से सुरक्षा, जल व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
मंदिर न्यास के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित दर्शन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि बाबा विश्वनाथ के भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
