वाराणसी की डीसीपी नीतू कादयान का तबादला, गौतमबुद्ध नगर में संभालेंगी नई जिम्मेदारी
वाराणसी। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी गोमती के पद पर तैनात IPS अधिकारी नीतू कादयान का तबादला गौतमबुद्ध नगर कर दिया गया है। शासन की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश के बाद उन्हें नई तैनाती दी गई है। बुधवार सुबह उनके तबादले की खबर सामने आने के बाद पुलिस महकमे में इसकी चर्चा शुरू हो गई।
नीतू कादयान वाराणसी में अपनी सख्त कार्यशैली, सक्रिय पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर चर्चा में रही हैं। डीसीपी गोमती के रूप में उन्होंने महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। पुलिसिंग में उनकी सक्रियता और सख्त रवैये के चलते उन्हें स्थानीय स्तर पर ‘लेडी सिंघम’ के नाम से भी पहचान मिली।
वाराणसी में तैनाती के दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन की विभिन्न चुनौतियों के बीच अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। अब उनका स्थानांतरण गौतमबुद्ध नगर किए जाने के बाद वहां उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नीतू कादयान के तबादले के साथ ही वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक बदलाव हुआ है। उनके स्थान पर किस अधिकारी को डीसीपी गोमती की जिम्मेदारी दी जाएगी, इसे लेकर भी पुलिस महकमे में नजरें शासन के अगले आदेश पर टिकी हैं।
