वाराणसी में दालमंडी चौड़ीकरण अभियान तेज, चौड़ीकरण की जद में आए धार्मिक स्थलों और मकानों पर ध्वस्तीकरण शुरू
वाराणसी। शहर के बहुप्रतीक्षित दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के तहत बुधवार को प्रशासन ने बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच चौड़ीकरण की जद में आने वाले कई धार्मिक स्थलों और पुराने भवनों पर कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, संबंधित प्रबंधन की सहमति से कुछ धार्मिक स्थलों पर ध्वस्तीकरण का कार्य प्रारंभ कराया गया, जबकि अन्य चिन्हित भवनों को भी हटाया जा रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से निगरानी
कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। मौके पर 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जबकि पूरे इलाके की ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 13 स्थानों पर बैरिकेडिंग भी की गई।

चौड़ीकरण की जद में आए धार्मिक स्थल
प्रशासन के अनुसार, चौड़ीकरण की जद में आने वाली करीमुल्ला बेग मस्जिद, संगमरमर मस्जिद, अली रजा खान मस्जिद, रंगीले शाह मस्जिद और निशारान मस्जिद के संबंधित मुतवल्लियों द्वारा ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया में सहयोग किया गया। वहीं परियोजना के दायरे में आने वाले 54 पुराने मकानों पर जेसीबी मशीनों से कार्रवाई जारी रही।
मीडिया और आम लोगों के प्रवेश पर अस्थायी रोक
ध्वस्तीकरण के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई स्थल पर मीडिया और आम लोगों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा और कार्य की गति बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर, एडीएम राजेश कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त मृत्युंजय नारायण मिश्रा सहित पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना का कार्य चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा और इसे सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरा कराया जाएगा।
