×

दालमंडी चौड़ीकरण अभियान तेज, मई अंत तक ध्वस्तीकरण पूरा करने का लक्ष्य

Dal Mandi Widening, Varanasi Dal Mandi Road, Bulldozer Action, Varanasi Road Widening, Dal Mandi Demolition, Varanasi Development Project, PWD Varanasi
 

वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को भी क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया, जहां कई भवनों को हथौड़ों और मशीनों की मदद से तोड़ा गया। वहीं बुलडोजर लगाकर मलबा हटाने का काम भी तेजी से किया गया।

पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि मई महीने के अंत तक शेष निर्माणों को ध्वस्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिसे अगले तीन महीनों में पूरा करने की योजना है।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के लिए कुल 181 मकान और 6 धार्मिक स्थलों को चिह्नित किया गया है। अब तक 100 से अधिक भवनों को हटाया जा चुका है। प्रभावित लोगों को लगभग 42 करोड़ रुपये का मुआवजा भी वितरित किया जा चुका है।

प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ी होने के बाद दालमंडी क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। इससे पैदल यात्रियों को राहत मिलेगी और लंबे समय से बनी जाम की समस्या में काफी हद तक सुधार होगा।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिन भवनों और धार्मिक स्थलों को हटाया जा रहा है, उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिया जा रहा है। परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।


 

Share this story