नमो घाट पर एयर शो की तैयारियों का जायजा, कमिश्नर और डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित नमो घाट पर आगामी 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार जैन ने एयर फोर्स के अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दर्शकों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने और कार्यक्रम स्थल पर अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश दिए। पुलिस उप महानिरीक्षक शिवहरि मीणा और आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि काशी में पहली बार वायु सेना की क्षमता और हुनर का एयर शो के माध्यम से प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को गंगा के दोनों किनारों से बड़ी संख्या में लोग देख सकेंगे।
एयर शो को देखने के लिए करीब पांच हजार लोगों को पास दिए जाने की व्यवस्था की गई है। दिल्ली से आने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए भी बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए। एयर शो के दिनों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। इसकी जानकारी मीडिया के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

कार्यक्रम स्थल के आसपास वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने बसंत कॉलेज परिसर का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान पार्किंग की संभावनाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने एयर शो को व्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
