×

वाराणसी में ठंड ने दी दस्तक, तापमान में गिरावट के बीच कोहरे की संभावना

वाराणसी में ठंड ने दी दस्तक, तापमान में गिरावट के बीच कोहरे की संभावना
बारिश के बाद बदला मौसम का मिजाज, जल्द कोहरा छाने की संभावना

वाराणसी। पूर्वांचल में बीते दिनों हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा है। तापमान में गिरावट के साथ ही वाराणसी सहित आसपास के जिलों में गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। सुबह और शाम के समय वातावरण में कुहासा दिखाई देने लगा है। मौसम के बदलते रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में कोहरे का प्रभाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

बीते 24 घंटों के दौरान वाराणसी में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री नीचे रहा। इस दौरान वातावरण में आर्द्रता का स्तर 76 से 81 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया। तापमान में आई गिरावट से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है, हालांकि दोपहर के समय धूप के साथ उमस का असर अब भी बना हुआ है।

मानसून की विदाई के बाद बदलेगा मौसम

मानसून की विदाई के बाद अब मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में बादलों की सक्रियता सीमित रहने की संभावना है। इस सप्ताह बारिश की संभावना कम बताई गई है। इसके साथ ही पूर्वी हवाओं का प्रभाव कमजोर पड़ने और आगामी समय में पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ने के आसार हैं।

विज्ञापन

 सुबह-शाम कुहासे का असर बढ़ने के आसार

तापमान में गिरावट के साथ ग्रामीण और खुले इलाकों में सुबह तथा शाम के समय कुहासा अधिक प्रभावी हो सकता है। मौसम के इसी बदलाव के चलते आने वाले दिनों में कोहरे की शुरुआत होने की संभावना जताई जा रही है। इससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

मौसम में आ रहे इस बदलाव के साथ ही लोगों को अब गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, दिन और रात के तापमान में अंतर तथा सुबह-शाम की ठंडक के कारण मौसम का असर अलग-अलग समय पर महसूस किया जा सकता है।

Share this story