बनारस में ठंड का बढ़ेगा असर, तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट के आसार
वाराणसी। मौसम में बदलाव के साथ ही काशी में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं। पछुआ हवाओं के तेज होने से नवंबर के दूसरे पखवाड़े में गलन और ठिठुरन बढ़ सकती है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस होगा।
मौसम विज्ञान के अनुसार, कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का उत्तर प्रदेश पर सीधा प्रभाव नहीं पड़ेगा। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और पश्चिमी मैदानी इलाकों में संभावित बारिश के बाद पछुआ हवाओं की गति और प्रभाव बढ़ने की संभावना है।
गुरुवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह ग्रामीण इलाकों में हल्की धुंध भी देखने को मिली, जो कुछ देर बाद छंट गई।
मौसम में बदलाव के साथ ही सुबह और देर रात घरों से बाहर निकलने वालों को ठंड का अधिक एहसास हो सकता है। तापमान में गिरावट के बाद दिन की गर्मी से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
