×

सीएम योगी का दो दिवसीय वाराणसी दौरा, एमएलसी मतदाता महासम्मेलन को करेंगे संबोधित...

सीएम योगी का दो दिवसीय वाराणसी दौरा, एमएलसी मतदाता महासम्मेलन को करेंगे संबोधित...

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान वह संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव के मतदाता महासम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन, विकास कार्यों की समीक्षा और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री बुधवार शाम चार बजे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित महासम्मेलन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में आठ जिलों के शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदाताओं की भागीदारी होगी। आगामी चुनाव के मद्देनजर इस सम्मेलन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

महासम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री बाबा कालभैरव और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह सिगरा स्थित भारत सेवाश्रम संघ भी जाएंगे। दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था, विकास परियोजनाओं की प्रगति और प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक किए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री के नमो घाट जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

गुरुवार को मुख्यमंत्री कबीरचौरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित करेंगे। उनके दौरे को लेकर संबंधित विभागों और जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

 मीरजापुर में जनसभा का स्थल बदला

वाराणसी दौरे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मीरजापुर भी जाएंगे, जहां वह जनसभा को संबोधित करेंगे। मीरजापुर में प्रस्तावित जनसभा के स्थल में बदलाव किया गया है। पहले यह कार्यक्रम विकास खंड सिटी के चंदईपुर में प्रस्तावित था, लेकिन अब जनसभा विंध्याचल स्थित काली खोह मोड़ पर आयोजित की जाएगी।

जनसभा के लिए स्थल परिवर्तन के बाद जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के वाराणसी और मीरजापुर दौरे को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

Share this story