काशी के घाटों की सफाई और नदी संरक्षण को मिला सम्मान, नगर निगम ने हासिल किया तीसरा स्थान
वाराणसी। स्वच्छता और गंगा संरक्षण के क्षेत्र में काशी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत ‘बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में वाराणसी नगर निगम को देश में तीसरा स्थान मिला है। इस उपलब्धि के साथ काशी ने देश के नदी किनारे बसे प्रमुख शहरों के बीच अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वाराणसी को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया। नगर निगम की ओर से प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा भी मौजूद रहे।
लगातार बेहतर प्रदर्शन से बनाई पहचान
बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में वाराणसी का प्रदर्शन पिछले कई वर्षों से उल्लेखनीय रहा है। वर्ष 2020 से अब तक हुए छह सर्वेक्षणों में काशी ने लगातार देश के अग्रणी शहरों में अपनी जगह बनाए रखी है। इस बार भी गंगा घाटों की स्वच्छता, सीवरेज प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट निस्तारण और नदी संरक्षण से जुड़े प्रयासों के आधार पर नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

घाटों की सफाई और सीवरेज प्रबंधन बने उपलब्धि का आधार
वाराणसी में अस्सी से नमो घाट तक 84 से अधिक घाटों की सफाई के लिए नियमित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा गंगा में गिरने वाले नालों के पानी को एसटीपी तक पहुंचाने, नदी में तैरते कचरे को हटाने के लिए ट्रैश स्कीमर मशीनों के संचालन तथा पूजा सामग्री के अलग-अलग संग्रह और निस्तारण जैसे प्रयास किए जा रहे हैं।
नगर निगम की ओर से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इन व्यवस्थाओं ने शहर को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद की है।

नदी संरक्षण के लिए गुणवत्ता और स्वच्छता पर जोर
रिवर फ्रंट टाउन के मूल्यांकन में नदी किनारे स्वच्छता, सीवरेज व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं जैसे पहलुओं को महत्व दिया जाता है। नदी के पानी की गुणवत्ता का आकलन भी महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके लिए घुलित ऑक्सीजन (डीओ), बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड (बीओडी), फीकल कोलीफॉर्म और पीएच जैसे मानकों की जांच की जाती है।
नगर निगम मुख्यालय में मना जश्न
काशी को तीसरा स्थान मिलने की घोषणा के बाद सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विज्ञान भवन में आयोजित समारोह का सीधा प्रसारण देखने के लिए निगम सभागार में बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार ग्रहण किए जाने का दृश्य सामने आते ही सभागार तालियों और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर उपसभापति नरसिंह दास सहित पार्षदगण, निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उपलब्धि की खुशी में मुख्यालय परिसर में ढोल-नगाड़े बजाए गए। सफाई मित्रों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी मनाई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सफाई कर्मियों को इस उपलब्धि का प्रमुख भागीदार बताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
महापौर बोले- हर बनारसी के लिए गर्व का क्षण
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि बेस्ट रिवर टाउन सर्वेक्षण में काशी का देश के शीर्ष तीन शहरों में शामिल होना प्रत्येक बनारसी के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन का परिणाम है। इसका श्रेय दिन-रात मेहनत करने वाले सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों को जाता है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि गंगा घाटों की स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। देश के नदी किनारे बसे शहरों के बीच तीसरा स्थान प्राप्त करना पूरी टीम की मेहनत और आधुनिक स्वच्छता प्रबंधन का परिणाम है। आने वाले समय में तकनीक और जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
