×

सारनाथ में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों ने दिया संदेश

सारनाथ में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों ने दिया संदेश

वाराणसी। सारनाथ स्थित धर्म चक्र विहार स्कूल में शनिवार को मद्य निषेध विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार और त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में जिला मद्य निषेध अधिकारी संजय राठी, क्षेत्रीय अधिकारी राकेश रोशन और काउंसलर डॉ. ज्योति सेठ सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन की ओर से राजीव सिंह, अरुण सिंह, अजय यादव और धीरज पांडेय (धीरू) समेत संस्था के सदस्यों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

मुख्य संयोजक विशाल पांडेय (चुलबुल) ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सारनाथ भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली है और पंचशील के पांचवें शील में नशे व मद्यपान से दूर रहने का संदेश दिया गया है। युवाओं को इन विचारों को अपने जीवन में अपनाकर नशे से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए।

काउंसलिंग सत्र में डॉ. ज्योति सेठ ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य और नशे की लत से बचाव के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। वहीं मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों ने भी नशे से होने वाले सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति विद्यार्थियों को सचेत किया।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति विषय पर चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण और नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों और विभागीय अधिकारियों ने पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।

Share this story