संस्कृत विश्वविद्यालय में एक नवंबर को मनेगा छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस
वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में आगामी एक नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य का स्थापना दिवस धूमधाम और गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के योगसाधना केंद्र में दोपहर एक बजे से विविध शैक्षणिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध लोकसंस्कृति, भौगोलिक विशेषताओं और विकास यात्रा से परिचित कराया जाएगा।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि सांस्कृतिक विविधता भारत की आत्मा है और राष्ट्रीय एकात्मता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस मनाना केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि एक-दूसरे की संस्कृति, इतिहास, लोकजीवन और उपलब्धियों को समझने तथा सम्मान देने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ना भी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक संवेदनशीलता और विविधता के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा और प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित लघु वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी और छत्तीसगढ़ की विशेषताओं पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राएं पोस्टर, मॉडल और चार्ट के माध्यम से राज्य की ऐतिहासिक, सामाजिक एवं भौगोलिक विशेषताओं को प्रदर्शित करेंगे।
समारोह में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विश्वविद्यालय के विद्यार्थी नृत्य, गीत, वादन और लघु नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा संबंधित राज्य के विश्वविद्यालयों के साथ सांस्कृतिक समन्वय होने पर वहां की प्रस्तुतियों को भी कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
17 राज्यों के स्थापना दिवस मनाने के निर्देश
शासन के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक देश के 17 राज्यों के स्थापना दिवस विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में मनाए जाने हैं। इसी क्रम में सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय को छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम की सभी गतिविधियों का संकलन कर एक आकर्षक पुस्तिका तैयार की जाएगी, जिसे आयोजन के बाद शासन के सचिवालय को उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रो. शैलेश मिश्र बनाए गए नोडल अधिकारी
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए छात्र कल्याण संकाय प्रमुख एवं सामाजिक विज्ञान विभागाध्यक्ष आचार्य प्रो. शैलेश कुमार मिश्र को नोडल अधिकारी तथा संस्कृत विद्या विभाग के सहायक आचार्य डॉ. रविशंकर पाण्डेय को सह-नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
