वाराणसी। शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से चेतगंज पुलिस ने सोमवार को व्यापक पैदल गश्त और सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के तहत पुलिस टीम ने लहुराबीर चौराहे से वनिता पब्लिक स्कूल तिराहा, जय सिंह चौराहा, लोहा मंडी, विवेकानंद कॉलोनी, तेलियाबाग चौराहा, अमर उजाला तिराहा और प्रदीप होटल तिराहा होते हुए पुनः लहुराबीर तक पैदल मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी फीडबैक भी लिया तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पैदल गश्त के साथ-साथ सड़क और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। दुकानदारों, ठेला एवं खोमचा संचालकों को यातायात व्यवस्था प्रभावित न करने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चेतगंज पुलिस की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति रही। वहीं, स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की सक्रियता और जनहित में चलाए गए अभियान की सराहना की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।
