×

वाराणसी के चोलापुर में बवाल! झंडा विवाद में जमकर पथराव, ACP का फटा सिर, कई पुलिसकर्मी घायल

वाराणसी के चोलापुर में अंबेडकर ध्वज विवाद के बाद तनाव बढ़ गया है। पत्थरबाजी में एसीपी घायल हो गए, कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में झंडा विवाद को लेकर माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। दूसरे दिन भी दो संगठनों के बीच विवाद बढ़ने पर जमकर पथराव हुआ, जिसमें एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट लगने के बाद तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के दौरान एक दरोगा समेत दो अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। इलाके में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

घटनास्थल पर डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, लालपुर-पांडेयपुर और सारनाथ थाना प्रभारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सूचना मिलते ही एसडीएम पिंडरा, तहसीलदार कुलवंत सिंह और एडिशनल सीपी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती के मौके पर गांव के भैरव बटुक धाम के प्रवेश द्वार पर आंबेडकर का झंडा लगाया गया था। आरोप है कि बाद में कुछ अराजकतत्वों ने झंडे को फाड़कर जला दिया, जिससे स्थिति बिगड़ गई।

इस घटना के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। इसी दौरान हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह हालात को संभाला, लेकिन अगले दिन फिर विवाद भड़क उठा और पथराव की घटना हो गई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि दोबारा किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

Share this story