×

काशी के मौसम में बदलाव, बादलों की आवाजाही के बीच बढ़ेगी ठंड

अकवान चक्रवात का असर कमजोर, पूर्वांचल में तीन दिन घने कोहरे का अनुमान
अकवान चक्रवात का असर कमजोर, पूर्वांचल में तीन दिन घने कोहरे का अनुमान

वाराणसी। पूर्वांचल सहित उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। चक्रवाती प्रभाव के चलते आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। वहीं, सुबह और रात के समय हल्के कोहरे तथा धुंध का असर भी देखने को मिल सकता है। मौसम में इस बदलाव से तापमान के उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहने के आसार हैं।

मौसम में बदलाव के बीच वातावरण में नमी बढ़ने से सुबह-शाम कोहरे का असर भी बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक वाराणसी और आसपास के जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। हालांकि, चक्रवाती प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद मौसम के धीरे-धीरे साफ होने के आसार हैं।

तापमान में उतार-चढ़ाव, बढ़ी वातावरण में नमी

बीते 24 घंटों में वाराणसी का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। वातावरण में अधिकतम आर्द्रता 86 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 78 प्रतिशत दर्ज की गई। नमी बढ़ने के कारण सुबह के समय धुंध और कोहरे का प्रभाव देखने को मिल रहा है।

पछुआ हवाओं से बढ़ेगी ठंड और गलन

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव समाप्त होने के बाद पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने के साथ ही ठंड और गलन का असर तेज होने की संभावना है। फिलहाल सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर आने वाले दिनों में भी बना रह सकता है।

किसानों को फसलों की सुरक्षा की सलाह

बदलते मौसम को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों की देखभाल में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। खेतों में फसलों और सब्जियों की पत्तियों पर ओस या कोहरे की नमी रहने तक कीटनाशक और फफूंदनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं करना चाहिए। पत्तियां सूखने और मौसम साफ होने के बाद ही कृषि विशेषज्ञों की सलाह पर दवाओं का प्रयोग करना बेहतर होगा।

Share this story