वाराणसी में पशु चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार! चोलापुर थाने पर प्रदर्शन से मचा हड़कंप
वाराणसी। चोलापुर थाना पुलिस ने पशु चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो भैंस, एक पड़िया तथा पशुओं की ढुलाई में इस्तेमाल किया गया मैजिक वाहन भी बरामद किया है।
कार्रवाई के बाद थाने पर भारी संख्या में लोगों के पहुंचने से कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पुलिस के अनुसार, पशु चोरी की सूचना और जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी के बताए जा रहे पशु और परिवहन में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया।
गिरफ्तारी की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, चोलापुर थाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी की और आरोपियों के पक्ष में अपनी बात रखी। इससे थाने के बाहर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीपी विनय द्विवेदी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की निगरानी की। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए थाने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए रवाना कर दिया।
मामले में पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
