सपा नेता विष्णु शर्मा समेत 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज, चेतगंज थाने में सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाना समाजवादी पार्टी के नेताओं को भारी पड़ गया। राष्ट्रवादी हिन्दू शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता की तहरीर पर सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा समेत छह अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सपा नेता विष्णु शर्मा अपने समर्थकों के साथ चेतगंज इलाके में पहुंचे और दाना भूनकर विरोध प्रदर्शन करते हुए इसे बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाया। इसके बाद प्रदीप गुप्ता ने इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने तीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
घटना के बाद सपा कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। पार्टी नेताओं ने इसे भाजपा की राजनीतिक दबाव की कार्रवाई बताया है। पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने पूरी जानकारी सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल को दी, जिन्होंने मामले की सूचना सपा प्रमुख अखिलेश यादव तक पहुँचा दी है। सूत्रों के मुताबिक, इस प्रकरण पर समाजवादी पार्टी जल्द ही बड़ा फैसला ले सकती है।