प्रधानमंत्री व गृहमंत्री को कहा गद्दार! राहुल गांधी पर दर्ज होगी FIR?
वाराणसी में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की मांग तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र सौंपा गया है। मामले को लेकर अब सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है।
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के लटौनी गांव निवासी स्वतन्त्र मिश्र ने पुलिस कमिश्नर वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में स्वतन्त्र मिश्र ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी देश और प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ है।
उन्होंने अपने पत्र में देश के विभाजन का उल्लेख करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का भी जिक्र किया। प्रार्थी ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द अनुचित हैं और इस मामले में कार्रवाई होनी चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वतन्त्र मिश्र ने बताया कि पुलिस कमिश्नर ने उन्हें चौबेपुर थाने पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए कहा है तथा थाना चौबेपुर को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
स्वतन्त्र मिश्र ने पुलिस कमिश्नर से मांग की कि थाना चौबेपुर में राहुल गांधी के खिलाफ देशद्रोह समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाए।
