व्यापारी मनीष सिंह हत्याकांड! परिजनों से मिले अम्बरीष सिंह भोला, न्याय का दिलाया भरोसा
उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है और समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

अम्बरीष सिंह भोला ने कहा कि “हमें अपने कानून और न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है। जो भी इस जघन्य घटना में शामिल हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।” उन्होंने प्रशासन से भी मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
गौरतलब है कि विगत दिनों मनीष सिंह की गाड़ी से एक महिला को मामूली टक्कर लग गया था। जिसके बाद वहां उपस्थित भीड़ और अन्य ग्रामीणों ने व्यापारी मनीष सिंह की पिटाई कर दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
घटना के बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने के लिए प्रशासन को कठोर कदम उठाने होंगे।

पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय लोगों और व्यापारियों में भी गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। वहीं विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि लगातार परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
