×

वाराणसी में 12 दिन बाद कारोबारी की मौत, लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी थी गोली

वाराणसी में 12 दिन बाद कारोबारी की मौत, लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी थी गोली

वाराणसी। पांडेयपुर चौराहे के समीप रहने वाले आभूषण और साड़ी कारोबारी वीरेंद्र सोनी (50) की मंगलवार को बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह बीते 12 दिनों से जिंदगी के लिए जूझ रहे थे। 10 सितंबर की सुबह उन्होंने अपने छोटे भाई जितेंद्र सोनी की दुकान के पास सीढ़ी की आड़ में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी में गोली मार ली थी।

घटना के बाद गंभीर हालत में उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद मंगलवार को उनकी मौत हो गई। कैंट पुलिस के अनुसार, घटना के बाद जांच के दौरान एक डायरी में सुसाइड नोट मिला था। इसमें वीरेंद्र ने खुद को बदनाम किए जाने की बात लिखते हुए आत्मघाती कदम उठाने के लिए विवश होने का उल्लेख किया था। साथ ही उन्होंने अपने बड़े भाई से बेटी प्रीति की शादी धूमधाम से कराने और बेटे का ध्यान रखने की बात लिखी थी।

वीरेंद्र तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई नरेंद्र और छोटे भाई जितेंद्र भी सराफा कारोबार से जुड़े हैं। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Share this story