×

बॉलीवुड अभिनेता बोमन ईरानी ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, बनारसी चाट का भी लिया स्वाद

बॉलीवुड अभिनेता बोमन ईरानी ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, बनारसी चाट का भी लिया स्वाद
 काशी की संस्कृति ने जीता बोमन ईरानी का दिल, बनारसी चाट और घाटों का लिया आनंद

वाराणसी। बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता Boman Irani इन दिनों वाराणसी प्रवास पर हैं। काशी पहुंचने के बाद उन्होंने श्री Kashi Vishwanath Temple में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने क्रूज से गंगा यात्रा करते हुए काशी के 84 घाटों का अवलोकन किया तथा शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना।

दर्शन के बाद बोमन ईरानी ने वाराणसी के प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद भी लिया। उन्होंने बनारसी टमाटर चाट का आनंद लिया और उसकी जमकर सराहना की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर काशी की संस्कृति और खानपान की विशेषताओं की भी जानकारी ली।

अपने भ्रमण के दौरान अभिनेता ने आदि केशव घाट स्थित प्राचीन मंदिर में दर्शन किए तथा Kal Bhairav Temple में पूजा-अर्चना की। उन्होंने काशी की धार्मिक परंपराओं, इतिहास और आध्यात्मिक महत्व के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

बोमन ईरानी का काशी भ्रमण करा रहे स्थानीय गाइड सौरभ ने बताया कि अभिनेता शहर की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से बेहद प्रभावित हैं। उन्हें विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया गया और काशी की प्राचीन परंपराओं से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर बोमन ईरानी ने कहा कि उन्होंने काशी के बारे में बहुत कुछ सुन रखा था, लेकिन यहां आकर जो अनुभव मिला, वह उनकी कल्पना से कहीं अधिक अद्भुत है। उन्होंने कहा कि अब उनका मन काशी के इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिकता को और गहराई से जानने का है।

उन्होंने बताया कि वह इससे पहले भी दो बार वाराणसी आ चुके हैं, लेकिन इस बार पहली बार उन्हें बाबा विश्वनाथ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इसके साथ ही उन्होंने क्रूज यात्रा के दौरान गंगा तट और काशी की ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से देखा।

वाराणसी प्रवास के दौरान अभिनेता ने शहर के पीली कोठी स्थित एक हैंडलूम शोरूम का भी दौरा किया। वहां उन्होंने बनारसी साड़ियों की पारंपरिक बुनाई की प्रक्रिया को देखा और स्थानीय बुनकरों के कौशल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बनारस की कला, संस्कृति और आध्यात्मिक वातावरण देश ही नहीं, दुनिया भर के लोगों को आकर्षित करता है।

Share this story